सत्यापन अभियान चलाकर 30 भवन स्वामियों पर लगाया जुर्माना

देहरादून। आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। 18 अक्टूबर को राजीव नगर, रिस्पना नगर, चक शाह नगर और दीपनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने 487 किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।
सत्यापन में अनियमितता मिलने पर 30 भवन स्वामियों के चालान कर 5.30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, संदिग्ध अवस्था में घूम रहे 23 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। नियमों का उल्लंघन करने पर 17 व्यक्तियों के पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान कर 8,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सत्यापन अभियान जारी है।
