हमारे संवाददाता
हरिद्वार। कांग्रेस की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को झटका देते हुए उनके द्वारा की गई नियुक्तियों को निरस्त कर दिया है।
इसको लेकर कल की तिथि में जारी पत्र में प्रभारी शैलजा की ओर से कहा गया है कि जिनकी नियुक्ति बिना केंद्रीय नेतृत्व की संतुति के की गई है उनको तत्काल प्रभाव से निरस्त किया गया है। जिनको हटाया गया है उसमें महानगर हरिद्वार अध्यक्ष अमन गर्ग, पछवादून जिलाध्यक्ष राकेश नेगी सहित प्रदेश व कांग्रेस के अन्य पदों पर बिना संस्तुति की गई नियुक्तियां है। पिछले दिनों दिल्ली में उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं व विधायकों के साथ हुई बैठक में प्रदेश प्रभारी के सामने सभी नेताओं व विधायकों ने प्रदेश अध्यक्ष के फैसलों पर नाराजगी जतायी था। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद थे। नेताओं की नाराजगी को प्रदेश प्रभारी ने गंभीर मानते हुए मौखिक रूप से सभी नियुक्तियों को अवैध माना था। अब बड़े नेताओं व कार्यकर्ताओ की नाराजगी को राष्ट्रीय स्तर पर गंभीर मानते हुए पत्र जारी कर प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्तियों को रद्द कर दिया है। हरिद्वार में हरीश रावत और प्रीतम सिंह के दो गुट कांग्रेस में सक्रिय हैं। प्रीतमसिंह लाबी सतपाल ब्रह्मचारी के बाद अध्यक्ष बने अमन गर्ग को स्वीकार नहीं कर रही थी। हालांकि अमन गर्ग प्रदेश अध्यक्ष के भरोसेमंद थे लेकिन अंततः प्रीतम सिंह लाबी उन्हें हटाने में कामयाब रही।