सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी: वरुणा अग्रवाल

टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने गुरुवार को विकास भवन में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने और पूर्ण हो चुकी सड़कों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित सभी संबंधित विभागों को गड्ढामुक्त सड़कों की सूची उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा। उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर सत्यापन करेंगे और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। प्रभारी जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा नगर पालिका मुनि की रेती के अधिकारियों को शेष कार्य एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करें। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता और अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
