पुलिस ने 1.30 किलो चरस के साथ दो आरोपित गिरफ्तार

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुनिकीरेती पुलिस ने दो आरोपितों को 1 किलो 300 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। 20 सितंबर को तपोवन बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने नीर गड्डू की ओर से आ रही इनोवा कार संख्या न्ज्ञ07।ब्4846 को रोककर तलाशी ली। वाहन से चरस के अलावा 50 हजार रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान यथार्थ मिश्रा निवासी ऋषिकेश और हिमांशु बेरी निवासी खड़खड़ी, हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपितों ने चरस उर्गम, चमोली निवासी दिगम्बर पंवार और गजेन्द्र रावत से खरीदने की बात बताई। हिमांशु के मोबाइल में गूगल-पे लेनदेन के जरिए कथित भुगतान के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
