परचून की दुकान की आड़ में करता था तस्करी, वांछित गिरफ्तार

देहरादून। रायवाला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी सोनूपाल (29) निवासी वैदिक नगर तृतीय, रायवाला को वैदिक नगर ढाल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को शिवा तोमर को 7.30 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में स्मैक की खरीद-फरोख्त में सोनूपाल की संलिप्तता सामने आई थी।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 27 सितंबर को सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने रायवाला क्षेत्र में परचून की दुकान चलाने और उसकी आड़ में स्मैक बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में भी जेल जा चुका है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
