पौड़ी गढ़वाल ने जीती प्रथम अलकनंदा-भागीरथी मैत्री टेबल टेनिस ट्रॉफी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पशुपालन विभाग की ओर से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल कार्यालय में प्रथम अलकनंदा-भागीरथी अंतर्जनपदीय मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पौड़ी और टिहरी गढ़वाल के 14 पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया। पुरुष एकल वर्ग में डॉ. भूपेंद्र बिष्ट प्रथम और डॉ. सुरेश चंद द्वितीय रहे। महिला एकल वर्ग में डॉ. प्रीति गौतम ने प्रथम तथा डॉ. एकता बिष्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जनपद स्तरीय मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने टिहरी को 3-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। अपर निदेशक डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने कहा कि प्रतियोगिता से दोनों जनपदों के अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द मजबूत हुआ।
