पैठाणी के पौराणिक राहु मंदिर को मिल रहा भव्य स्वरूप, डीएम ने किया निरीक्षण
पौड़ी। पैठाणी स्थित पौराणिक राहु मंदिर को धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता के अनुरूप भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंदिर परिसर में अव्यवस्थित संरचनाओं को हटाकर प्रांगण विकसित किया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मंदिर का निरीक्षण कर निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिर का विकास उसकी पौराणिक पहचान और पारंपरिक वास्तुशैली को केंद्र में रखकर किया जाए। उन्होंने नवनिर्मित कक्षों पर नाम पट्टिकाएं लगाने, पूजा कक्ष व्यवस्थित करने, पेयजल के लिए वाटर प्यूरीफायर लगाने और सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य बनाने, रेलिंग के सौंदर्यीकरण, भवन की फिनिशिंग तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर साइनेज लगाने को भी कहा। परिसर में धार्मिक संगीत के लिए इनबिल्ट साउंड सिस्टम युक्त डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। मुख्य मंदिर और अन्य मंदिरों की संरचनात्मक मजबूती के साथ पुरातत्व विभाग से विशेष प्रक्रिया के तहत सफाई कराने के निर्देश भी दिए। विकास के दूसरे चरण में राहु शिला क्षेत्र का विकास और घाट निर्माण किया जाएगा। पुल पर सुरक्षा जाली, बेहतर सफाई व्यवस्था, कूड़ेदान और किचन-कम-स्टोर की सुविधा भी विकसित होगी। जिलाधिकारी ने धार्मिक गतिविधियों के सुचारू संचालन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए पुजारियों का पंजीकरण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास से धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय व्यापार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य शिवचरण नौडियाल, मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
