नशामुक्ति रैली में गूंजा ‘व्यसन छोड़ें-सृजन से जुड़ें’ का संदेश

हरिद्वार। शांतिकुंज और देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के युवाओं ने रविवार को नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता रैली निकाली। अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रैली में विद्यार्थियों, युवाओं और शांतिकुंज कार्यकर्ताओं सहित एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय से शुरू हुई रैली हरिपुर कलां होते हुए शांतिकुंज पहुंची। इस दौरान ‘नशा भारत छोड़ो’ और ‘व्यसन छोड़ें-सृजन से जुड़ें’ जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। गायत्री विद्यापीठ की प्रबंधिका शैफाली पण्ड्या ने प्रतिभागियों को नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत का संकल्प दिलाया। युवाओं ने नुक्कड़ नाटक से नशे के दुष्परिणाम बताए।
