आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री पैतृक गांव पहुंचकर मां के अंतिम दर्शन कर हुए भावुक
मुख्यमंत्री पैतृक गांव पहुंचकर मां के अंतिम दर्शन कर हुए भावुक
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
पौड़ी/देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। वह 91 वर्ष की थीं। उनके निधन का समाचार मिलने पर उत्तराखंड सहित देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
माता के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से उत्तराखंड पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचकर मां के अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह भावुक नजर आए। परिजनों के अनुसार, सावित्री देवी की उम्र अधिक होने के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। 14 मई 2024 को भी उन्हें स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे। सावित्री देवी गांव में ही रह रही थीं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह सात बजे पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। वह सड़क मार्ग से लक्ष्मणझूला बैराज होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। नमामि गंगे घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव का रहने वाला है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में निधन हो गया था। मां के निधन से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
देशभर के नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर योगी आदित्यनाथ से बात कर संवेदना व्यक्त की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
