मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर डीएम ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर), ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) और विशेष अभियान की प्रगति की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंटों की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने मतदाता सूची में नाम, पिता या पति के नाम, लिंग सहित अन्य विवरणों की त्रुटियां सुधारने के लिए संबंधित अधिकारियों, बीएलओ और राजनीतिक दलों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी प्रक्रिया का निरीक्षण भी किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनके निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। बैठक में भाजपा, कांग्रेस और बसपा के प्रतिनिधियों सहित मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा मौजूद रहे।
