मेले की भीड़ में बिछड़ी नन्ही अवनिका, पुलिस ने परिजनों से मिलाया
गौचर। गौचर मेले की भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ी गोपेश्वर निवासी नन्ही अवनिका खत्री को पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिला दिया। बालिका को अपने पिता का मोबाइल नंबर याद नहीं था और मां के फोन पर इनकमिंग कॉल की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में परिजनों से संपर्क करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
मेला चौकी में तैनात आरक्षी कमलेश सजवाण और नितिन बिष्ट ने बालिका को सांत्वना देकर उससे परिजनों की जानकारी जुटाई और तलाश शुरू की। अथक प्रयासों के बाद पुलिस ने परिजनों का पता लगाकर बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया।
