लक्सर में पनीर निर्माण इकाई पर छापा, करीब 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट


हरिद्वार। आगामी नवरात्र और दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लक्सर क्षेत्र के संघीपुर गढ़ी स्थित पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी की। 13 अक्टूबर की मध्य रात्रि और 14 अक्टूबर की सुबह हुई कार्रवाई में करीब 10 कुंतल खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद कर खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। इसमें सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय और पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस बल ने भी सहयोग किया। जांच के दौरान मौके पर बिक्री के लिए रखा करीब तीन कुंतल तैयार पनीर और छह कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर मिला। इसके अलावा 90 किलोग्राम पामोलीन तेल तथा अन्य सामग्री बरामद हुई। विभाग के अनुसार, इकाई में स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलीन तेल का इस्तेमाल कर पनीर बनाया जा रहा था, जबकि खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने सात अगस्त 2026 को एनालॉग पनीर के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। टीम ने गड्ढा खुदवाकर तैयार और सेमी प्रोसेस्ड पनीर के साथ 90 किलोग्राम पामोलीन तेल नष्ट कराया। इकाई पर नोटिस चस्पा किया गया है। संचालक ताजिम पुत्र फैयाज, निवासी संघीपुर गढ़ी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके से पनीर और पामोलीन तेल के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए हैं। विभाग ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!