घटती जगह बढ़ती भीड़ के कारण होता रहा मेला क्षेत्र का विस्तार
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / कुमार दुष्यंत,
हरिद्वार, 26 नवंबर। अब डेढ़ सौ वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में व्याप्त कुंभ, अर्धकुंभ मेले कभी हरिद्वार में रोड़ी बेलवाला और गंगा के मजाड़े में ही सम्पन्न हो जाया करते थे। अब बढ़ती भीड़ और घटती जगह के कारण मेला क्षेत्र का लगातार विस्तार हो रहा है।
एक वक्त कुंभ, अर्धकुंभ जैसे महामेले रोड़ी बेलवाला, चंडीघाट, पंतद्वीप, बैरागी कैंप में बनने वाले छह द्वीपों में ही सम्पन्न हो जाया करते थे।अब इन द्वीपों की संख्या 32 पहुंच गई है। जबकि पुलिस इस कुंभ में 35 द्वीपों पर व्यवस्था करेगी।
एक समय तक रोड़ी बेलवाला और पंतद्वीप ही कुंभ, अर्धकुंभ की तमाम गतिविधियों का केंद्र थे। 1998 में पिछली सदी के अंतिम कुंभ तक भी कुंभ की सारी रौनक पंतद्वीप से बैरागी कैप तक ही सिमटी रही। 1992 के अर्धकुंभ तक तो गंगापार का रोड़ीबेलवाला मैदान ही इन महामेलों की सारी गतिविधियों का केंद्र था। यहां न केवल विभिन्न विभागों के शिविर कार्यालय खुलते थे बल्कि सांस्कृतिक पंडाल भी यहीं बना करते थे। तब यह क्षेत्र कुंभ की सर्वाधिक चकाचौंध व गहमागहमी वाला क्षेत्र रहता था। यहां सांस्कृतिक पंडालों के साथ साथ विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाती थी। कठपुतलियों के कार्यक्रम, जादू के शो, फिल्में व फिल्म प्रभाग के वृत्तचित्र यहीं पर पर दिखाए जाते थे। विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी पंडाल भी रोडीबेलवाला के मजाड़े में ही लगा करते थे। जहां इन पंडालों में आनेवाली नयी नयी तकनीक के दर्शन हुआ करते थे। कठपुतलियों के शो में एतिहासिक व प्रेरणास्पद कहानियों को दर्शाया जाता था। जबकि चलचित्र पर फिल्म प्रभाग के वृत्तचित्रों के माध्यम से जनता को जागरूक किया जाता था व सरकारी योजनाओं की जानकारियां दी जाती थी। विभिन्न बैंक भी यहां अपने काऊंटर लगाकर नयी करेंसी लोगों को उपलब्ध कराया करते थे। विभिन्न कंपनियां यहां अपने स्टाल लगाकर रियायत के साथ सामान बेचकर अपना प्रचार किया करती थीं। रोड़ी बेलवाला का यह मेला क्षेत्र क्योंकि शहर से सटा हुआ क्षेत्र था इसलिए तब यहां आधी रात तक मेले की चहल-पहल बनी रहती थी। अब मेला क्षेत्र के विस्तार के कारण मेले की सारी गतिविधियां भी दूर दूर फैल गई हैं।

रोड़ी बेलवाला को आरक्षित मेला लैंड के नाम से ही जाना जाता है लेकिन समय समय पर यहां निर्माण होते रहे और मेला लैंड कम होती रही।सीसीआर, सड़कें, फ्लाईओवर, पार्किंग, शौचालय, वैंडिंग जोन आदि के निर्माण से अब रोड़ी बेलवाला में मेले की गतिविधियों के लिए बहुत सीमित जगह रह गई है।
