कांग्रेसियों ने फूंका मुख्यमंत्री धामी का पुतला, हरीश धामी पर मुकदमे के विरोध में किया प्रदर्शन

देहरादून/विकासनगर। धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी के खिलाफ जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम को लेकर मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकासनगर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी गली चौक पर एकत्र होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री के पुतले का दहन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के संबोधन के दौरान माइक बंद कर दिया गया था। इस पर उन्होंने मंच से अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद विधायक समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कांग्रेसियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्ष के जनप्रतिनिधियों के साथ अनुचित व्यवहार बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रहेगी।
इससे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार के दस साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और सरकार के कामकाज को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान उनके कार्यक्रम का संदेश श्दस साल के अंधकार के खिलाफ सत्याग्रहश् रहा। उन्होंने विपक्ष की भूमिका और सरकार की नीतियों पर भी चर्चा की।
जौलजीबी मेले से शुरू हुआ विवाद अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। उल्लेखनीय है कि 14 नवंबर को मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन के बाद विधायक हरीश धामी के बोलने के दौरान माइक बंद होने पर विवाद हुआ था। इसके बाद मंच पर हंगामे और कथित तोड़फोड़ का मामला सामने आया। पुलिस ने इस प्रकरण में विधायक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विकासनगर में पुतला दहन को कांग्रेस ने इसी कार्रवाई के विरोध का हिस्सा बताया। प्रदर्शन में पार्टी के कई कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!