जिला अस्पताल बौराड़ी और आयुर्वेदिक चिकित्सालय का किया निरीक्षण


टिहरी गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय बौराड़ी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों, पंचकर्म इकाई, औषधालय और बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) का निरीक्षण किया।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय में उन्होंने पंचकर्म इकाई की सुविधाओं और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करने के साथ संबंधित अभिलेखों और पत्रावलियों का अवलोकन किया। चिकित्सकों एवं अन्य कार्मिकों की उपलब्धता और मानव संसाधन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। जिला चिकित्सालय बौराड़ी के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के सुचारु संचालन तथा मरीजों की सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा एवं डॉ. सत्यवीर रावत, चिकित्साधिकारी डॉ. कर्ण पाल सिंह एवं डॉ. विनोद रावत, मुख्य फार्मेसी अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद बडोनी और मनोज धीरवान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!