रामपुर मंडी और रामसर साइट जाने वाले राहगीर परेशान, बरसात में बढ़ी मुश्किलें
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / गा़ज़म्फअर अली,
विकासनगर। हरबर्टपुर से ढलीपुर, रामपुर मंडी रामसर साइट की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी जमा होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत की तस्वीरें भी स्थिति की गंभीरता को साफ तौर पर बयां कर रही हैं।
ग्रामीण मुख्तियार सतीश अकरम लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हरबर्टपुर कुल्हाल पोटा संपर्क मार्ग है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन, कार एवं अन्य वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को इनसे बचकर निकलना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सड़क की सतह कई स्थानों पर उखड़ी चुकी है। सड़क के किनारों पर भी पानी और मलबा जमा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और अधिक परेशानी वाली बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो बारिश के दौरान इसकी स्थिति और खराब हो सकती है।
लोक निर्माण विभाग के जेई ने दिया मरम्मत का आश्वासन
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर संबंधित लोक निर्माण विभाग के जेई से वार्ता की गई। जेई ने बताया कि वर्तमान में बरसात के कारण सड़क पर पैचिंग का कार्य कराना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होते ही सड़क पर गड्ढों को भरने और पेचवर्क का कार्य तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।
अब देखना होगा कि बरसात समाप्त होने के बाद विभाग इस मार्ग की मरम्मत का कार्य कितनी जल्दी शुरू करता है। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि सड़क की स्थिति को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!