गोवंश संरक्षण को लेकर गो सेवा आयोग अध्यक्ष ने ली समीक्षा बैठक

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित डॉ. राजेंद्र अण्थवाल ने विकास भवन सभागार में गोवंश संरक्षण एवं गौसदनों की व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को गौसदनों के लिए भूमि चयन की कार्रवाई 15 दिन में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गोवंश संरक्षण अधिनियम-2007 के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई, गोवंश के जन्म-मरण की रिकॉर्डकीपिंग, डेयरियों का पंजीकरण एवं नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा। निराश्रित गोवंश को छोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में गोहत्या, गोकशी एवं गो तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस कार्रवाई की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में 25 गौसदन संचालित हैं, जिनमें 2653 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। 32 ग्राम्य गोसेवक पंजीकृत हैं। अब तक 2,76,076 गोवंश की ईयर टैगिंग तथा 73.61 प्रतिशत का टीकाकरण किया जा चुका है। बैठक में सीडीओ अशोक जोशी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
