गोपेश्वर में जनता दरबार में सीडीओ ने सुनीं जनसमस्याएं अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला सभागार गोपेश्वर में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। शिकायतों के समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं स्थायी निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। ग्राम प्रधान सरतोली महेन्द्र सिंह बिष्ट ने बिना पूर्व सूचना के ग्राम सभा में वन सरपंच के चुनाव कराए जाने संबंधी शिकायत दर्ज कराई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान ईराणी दीपा देवी ने निजमुला-पाणा-ईराणी क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग रखी। देव सिंह नेगी ने क्षतिग्रस्त घाट-भेंटी मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग उठाई जबकि बृजमोहन सजवाण ने लाता गांव के समीप धौलीगंगा नदी में हो रहे अवैध खनन की शिकायत दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त शिकायतकर्ता शंकर रावत लछम सिंह और अनिल रावत ने जिला पूर्ति लोक निर्माण समाज कल्याण वन शिक्षा विद्युत तथा ग्रामीण निर्माण विभाग से संबंधित अपनी समस्याएं जनता दरबार में रखीं। प्राप्त सभी शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनता दरबार के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचन्द्र शेट ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल 1905 पर लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अनिवार्य रूप से शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्या का समाधान करें। इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी ने जिला योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी प्रस्तावित विकास कार्यों एवं योजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल मुख्य कृषि अधिकारी जयप्रकाश तिवारी जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
