गांव में बकरी का मांस खाने से दो दर्जन से अधिक लोग बीमार

श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर ब्लॉक के मलेथा के समीप सिरोला गांव में बकरी का मांस खाने के बाद दो दर्जन से अधिक लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। बीमारों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। बताया गया कि एक बकरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ग्रामीणों ने उसका मांस पकाकर खाया था। इसके बाद लोगों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायतें सामने आईं, जबकि बच्चों में डायरिया के लक्षण मिले। परिजन मरीजों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले गए। कुछ बच्चों को बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक डॉ. अजय गोस्वामी ने पशु की बीमारी या संदिग्ध मौत की स्थिति में उसके मांस का सेवन न करने की सलाह दी है। उन्होंने लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय उपचार लेने को कहा।
