एसएसपी ने अपराध गोष्ठी में कंसे पेंच, 20 पुलिसकर्मी सम्मानित


पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, एनडीपीएस मामलों में सख्त कार्रवाई और नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार करने के निर्देश दिए।
आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। उन्होंने महिला-बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। सीएम हेल्पलाइन पर सितंबर में मिली 85 शिकायतों में से 56 का निस्तारण हुआ, जबकि 29 लंबित हैं। एसएसपी ने इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। गुमशुदगी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज करने को भी कहा। इस दौरान सितंबर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गोष्ठी में जनपद के पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!