दून में पुरकुल गांव से हुआ सेवा संकल्प अभियान का आगाज

देहरादून। सेवा संकल्प अभियान के तहत देहरादून में बहुउद्देशीय जन शिविरों की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र से हुई। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित कीं। उन्होंने ग्रामीणों की 28 से अधिक शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को कई समस्याओं के मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए। सहस्रधारा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान, सिंचाई और पुरकुल में बस संचालन संबंधी समस्याएं प्रमुख रहीं। सीडीओ अभिनव शाह ने बताया कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे।
