धुमाकोट थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित वाहनों के निस्तारण के निर्देश

पौड़ी। क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने थाना धुमाकोट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अनुशासन और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित माल मुकदमाती वाहनों का शीघ्र निस्तारण करने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, मेस, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, सीसीटीएनएस और सीसीटीवी कैमरों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। क्षेत्राधिकारी ने पुलिसकर्मियों से शस्त्रों और कारतूसों की जानकारी लेते हुए शस्त्र संचालन की प्रक्रिया भी देखी। उन्होंने पुलिसकर्मियों का अनुशासन और वर्दी व्यवस्थित रखने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी संपत्ति का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद आयोजित पुलिस सम्मेलन में उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
