चंबा महोत्सव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
टिहरी। आगामी 22 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले चंबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बादशाहीथौल स्थित मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मेला समिति के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्युत ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, मोबाइल शौचालय और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल तक संपर्क मार्ग दुरुस्त करने तथा वन विभाग को कार्मिकों की नियमित तैनाती के निर्देश दिए। पुराने मंच को हटाने के संबंध में उन्होंने समिति से विधिवत आवेदन मांगा, जिसके बाद संयुक्त टीम की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। महोत्सव में लोक कलाकारों और गायकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। डीएम ने स्थानीय लोगों से आयोजन में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देते हैं। निरीक्षण में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और दुग्ध संघ अध्यक्ष सुशील रावत सहित अधिकारी व समिति पदाधिकारी मौजूद रहे।
