चमोली में गोपेश्वर पुलिस ने 1.586 किलो चरस के साथ हापुड़ के दो तस्करों को किया गिरफ्तार

 
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपेश्वर पुलिस ने पोखरी बैंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 1.586 किलोग्राम अवैध चरस के साथ उत्तर प्रदेश के हापुड़ निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा रुमियन कार को भी सीज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर 22 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम पोखरी बैंड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की संदिग्ध टोयोटा रुमियन कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 1.586 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल वाहन सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त अर्जुन सिंह पिछले करीब छह माह से बदरीनाथ क्षेत्र में एक आश्रम निर्माण संस्था से जुड़ा हुआ था और आश्रम की देखरेख करता था। इस दौरान उसने स्थानीय लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदकर एकत्रित की थी। इसके बाद उसने अपने साथी विकास शर्मा को हापुड़ से बुलाया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि विकास पूर्व में भी एकत्रित की गई चरस को बेचने के लिए हापुड़ ले जा चुका था। दोनों कुछ दिन बदरीनाथ में साथ रहे और कपाट बंद होने के बाद 22 नवंबर को अपनी कार से हापुड़ के लिए रवाना हुए। पुलिस के अनुसार दोनों मुख्य हाईवे के बजाय चोपता होते हुए लिंक मार्ग से निकलने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पोखरी बैंड पर चल रही चेकिंग के दौरान चरस के साथ पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों में विकास शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा निवासी ग्राम बाबूगढ़ माता मोहल्ला थाना बाबूगढ़ जिला हापुड़ उत्तर प्रदेश उम्र 35 वर्ष और अर्जुन सिंह पुत्र सूरज पाल सिंह निवासी 61 चक्र सेनेपुर थाना बाबूगढ़ जिला हापुड़ उत्तर प्रदेश उम्र 40 वर्ष शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर कोतवाली गोपेश्वर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी कांस्टेबल सुनील चन्द्र कांस्टेबल रविन्द्र चालक कांस्टेबल प्रदीप कुकरेती कांस्टेबल आशुतोष तिवारी एसओजी और कांस्टेबल राजेन्द्र रावत एसओजी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!