बुक्कनपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
लक्सर। ग्राम बुक्कनपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद किशोरियों और अभिभावकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया गया।
इस दौरान सभी किशोरियों और अभिभावकों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। साथ ही किशोरियों को प्रेरित किया गया कि वे बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समाज में इस कुरीति के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी किशोरियों को जागरूकता किट वितरित की गई। अधिकारियों ने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुधा त्रिपाठी, जीजीआईसी धीरवाली हरिद्वार की इंचार्ज प्रधानाचार्य संतोष नेगी, सुपरवाइजर सुशील रावत, बबीता देवी, गंगा देवी, जसौदा देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शबनम, राजकुमारी, सविता, रुपेश, दीपा, रवि, निशा सहित समस्त सहायिकाएं, किशोरियां और अभिभावक उपस्थित रहे।
