बहुउद्देशीय शिविर में 40 शिकायतें दर्ज, 33 का मौके पर निस्तारण


रुद्रप्रयाग। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड अगस्त्यमुनि के राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को सेवाओं का लाभ पहुंचाया। शिविर में 40 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 33 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य जांच, दवाइयों, एचपीवी टीकाकरण और एक्स-रे की सुविधा दी। टीम ने 100 से अधिक लोगों के एक्स-रे किए। कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, पर्यटन, डेयरी और उद्योग विभाग ने भी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।


सरकार जनता के द्वार शिविर में 14 शिकायतें दर्ज

रुद्रप्रयाग। जखोली विकासखंड की ग्राम पंचायत भणगा में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनसंवाद-जनता दरबार आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्रामीणों ने पेयजल योजना की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन, जलाशय की मरम्मत और संपर्क मार्गों की समस्याएं उठाईं।


755 नागरिकों ने लिया योजनाओं का लाभ

हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत विकासखंड सभागार नारसन में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में 755 नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। विभिन्न प्रमाण-पत्रों और सेवाओं के लिए 65 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 325 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।


पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक

पौड़ी। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पाबौ के आंगनवाड़ी केंद्र क्यार्द में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र प्रसाद थपलियाल ने संतुलित आहार में हरी सब्जियां, फल, मोटे अनाज और दालें शामिल करने पर जोर दिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी चन्द्रकान्ता काला ने नंदा गौरा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में तीन पोषण किट और एक मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही वात्सल्य योजना और चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!