बीन नदी पुल का 50 प्रतिशत निर्माण पूरा, फरवरी 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य


पौड़ी। बैराज-चीला-हरिद्वार मार्ग पर करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बीन नदी पुल का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि केंद्रीय सड़क निधि से अप्रैल 2026 में शुरू हुई इस परियोजना के तहत 150 मीटर लंबा डबल लेन पुल बनाया जा रहा है। इसमें 50-50 मीटर के तीन स्पान होंगे। पुल का कैरिजवे 7.5 मीटर और फुटपाथ सहित कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी। इसे फरवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। पुल बनने से ऋषिकेश-हरिद्वार के बीच वैकल्पिक मार्ग सुगम होगा। साथ ही यमकेश्वर के डांडामंडल क्षेत्र के 82 गांवों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाला आवागमन सुरक्षित होगा और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार संबंधी आवाजाही आसान होगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने नीलकंठ मंदिर के समीप निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए समयबद्ध निर्माण, सुव्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन और लक्ष्मणझूला पुलिस से रात्रिकालीन आवाजाही, गश्त, वन्यजीव सुरक्षा तथा जंगल सफारी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!