कैबिनेट मंत्री और महापौर ने विजेताओं को किया सम्मानित
 

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
 
श्रीनगर गढ़वाल। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 के दूसरे दिन ऐतिहासिक गोला पार्क में आयोजित विद्यालयी सामूहिक परेड बैंड एवं झांकी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा अनुशासन और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। आकर्षक झांकियों कदमताल करती परेड और मधुर बैंड प्रस्तुतियों के बीच गोला बाजार देश की सांस्कृतिक विविधता और उत्तराखंड की समृद्ध लोक विरासत के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और महापौर आरती भंडारी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से लेकर देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कुमाऊं के पारंपरिक छोलिया नृत्य से लेकर हिमाचल हरियाणा और पंजाब की लोकसंस्कृति तथा भरतनाट्यम कथक और लावणी जैसी शास्त्रीय एवं लोकनृत्य शैलियों ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा। झांकियों में मां नंदा मां धारी देवी महासू देवता चौमासू देवता चारधाम यात्रा भगवान शिव की बारात राम्माण कृष्ण लीला महाभारत कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर चित्रण किया गया। वहीं गोलू देवता अंदूरी उत्सव और बटर फेस्टिवल जैसी विशिष्ट परंपराओं के साथ बेटी बचाओ-पहाड़ बचाओ जय जवान-जय किसान स्वच्छ भारत मिशन और विकसित भारत जैसे सामाजिक एवं राष्ट्रीय संदेश भी झांकियों का हिस्सा बने। इन प्रस्तुतियों ने विविधता में एकता की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि परेड केवल कदम से कदम मिलाकर चलने का अभ्यास नहीं बल्कि अनुशासन सामूहिकता संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। झांकियां देवभूमि उत्तराखंड की गौरवशाली संस्कृति और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। प्रत्येक झांकी के पीछे विद्यार्थियों और गुरुजनों की कड़ी मेहनत लगन रचनात्मकता और अपनी मिट्टी के प्रति गहरा प्रेम छिपा होता है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ बच्चों में अपनी संस्कृति परंपराओं और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना भी विकसित करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं विशिष्ट अतिथि जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त मेजर कर्ण सिंह रावत मौजूद रहे। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त नुपुर वर्मा खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत नगर निगम के पार्षदगण विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। महापौर आरती भंडारी ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!