सीओ बड़कोट ने किया थाना पुरोला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

उत्तरकाशी। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा ने मंगलवार को थाना पुरोला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, बैरक, भोजनालय, हवालात, शस्त्रागार एवं कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अभिलेखों और ऑनलाइन पोर्टलों की समीक्षा करते हुए उपलब्ध शस्त्रों तथा पुलिसकर्मियों की शस्त्र संचालन दक्षता भी जांची। सीओ ने आपदा प्रबंधन उपकरणों को हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए। लंबित माल मुकदमाती, शिकायतों, प्रार्थना पत्रों एवं विवेचनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनते हुए आमजन से संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने को कहा। निरीक्षण में थानाध्यक्ष दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
