श्रीनगर बेस अस्पताल में शिक्षा मंत्री ने मरीजों का जाना हाल

श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से उपचार एवं अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने आईसीयू में त्रिपालीसैंण निवासी सुनीता देवी से मुलाकात की, जिन्हें 16 अगस्त को घास काटते समय सांप ने डंस लिया था। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच सकी। उन्होंने तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित नंदा सती के पिता ब्रह्मानंद सती का भी हाल जाना। डॉ. रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल में अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में भी 170 से अधिक विकास कार्य कराए गए। अस्पताल में उपचार सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और मरीजों-तीमारदारों की सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में पार्किंग का निर्माण शुरू हो चुका है और एक अन्य स्थान पर भी पार्किंग विकसित की जाएगी। उनका उद्देश्य श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को गढ़वाल क्षेत्र के मरीजों और तीर्थयात्रियों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है।
