जिलाधिकारी ने किया चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण

चमोली। लगातार हो रही बारिश से क्षतिग्रस्त चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने सड़क की स्थिति, भूस्खलन प्रभावित स्थलों, क्षतिग्रस्त हिस्सों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की। निरीक्षण में सड़क पर गिरे मलबे को तत्काल हटाने, जलभराव रोकने के लिए नालियों की सफाई एवं निर्माण तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई गई। रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान संवेदनशील सड़क मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी बाधा पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों और यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
