कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत हटाया अतिक्रमण

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को पंतद्वीप पार्किंग और रोडीबेलवाला क्षेत्र में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र से 25 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान अस्थायी दुकानें, खोखे, रेहड़ियां, ठेले और अन्य अवैध निर्माण ध्वस्त कर पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए अभियान लगातार जारी रखा जाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
