देहरादून में 11 जुलाई से सजेगा ‘’लोक संवर्धन पर्व’’, हुनरमंद करेंगे प्रतिभाग

देहरादून। समावेशी विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजधानी देहरादून में 11 से 15 जुलाई तक पांच दिवसीय उत्तरी क्षेत्रीय ’‘लोक संवर्धन पर्व’’ का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ’प्रधानमंत्री विकास योजना’ के अंतर्गत परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास करेंगे।
उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित देशभर के अल्पसंख्यक कारीगर अपने पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वदेशी कला का प्रदर्शन एवं विपणन करेंगे। यह इस श्रृंखला का छठा राष्ट्रीय आयोजन है, जो पहली बार उत्तराखंड में आयोजित हो रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए मानसून को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर जल निकासी, वाटरप्रूफ टेंट, सुरक्षा, फायर क्लीयरेंस, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिए। पर्व में कुल 160 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें 130 शिल्पकारों और 30 पारंपरिक व्यंजनों के लिए होंगे। उत्तराखंड के कारीगरों के लिए 40 प्रतिशत स्टॉल आरक्षित रहेंगे और चयनित प्रतिभागियों को स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले का आयोजन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
