लक्ष्मणझूला पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार चांदी के छत्र व नकदी बरामद

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
लक्ष्मणझूला-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। छत्र चुराए बर्तन चुराए और लाखों का माल समेट लिया लेकिन पौड़ी पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि आरोपी खुद गिरफ्त में आ गया। कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को वादिनी अंजना चतुर्वेदी द्वारा कोतवाली लक्ष्मणझूला में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था जिसमें बताया गया कि सर्वेश्वर भगवान मंदिर परमार्थ निकेतन रामझूला से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चांदी के छत्र एवं पूजा-अर्चना में प्रयुक्त चांदी के बर्तनों की चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्ष्मणझूला में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज की जांच संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ तथा साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए गए। निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार चंद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद 17 जून 2026 को आरोपी नरेंद्र सिंह राणा को लक्ष्मणझूला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के छत्र तथा 1,32,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेंद्र सिंह राणा उम्र 29 वर्ष पुत्र लक्ष्मण सिंह राणा निवासी ग्राम डोर जनपद पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। बरामद माल में चोरी किए गए चांदी के छत्र एवं 1,32,000 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रकाश पोखरियाल उप निरीक्षक नवीन पुरोहित हेड कांस्टेबल 145 सुवर्धन हेड कांस्टेबल 27 दिनेश दिलवाल हेड कांस्टेबल 202 बलवीर तथा हेड कांस्टेबल 185 प्रतीक चौधरी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!