जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक में निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी में गुरुवार को सिविल जज (सी.डी.) एवं प्राधिकरण की सचिव नाज़िश कलीम की अध्यक्षता में पैनल अधिवक्ताओं की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पैनल अधिवक्ताओं द्वारा संचालित विभिन्न वादों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी संचालन और निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सचिव नाज़िश कलीम ने पैनल अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को समयबद्ध प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के अधिकारों और हितों का संरक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिवक्ताओं को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा संवेदनशीलता और दक्षता के साथ करते हुए जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता पहुंचानी चाहिए। बैठक में विधिक सेवा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने जरूरतमंद लोगों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और सशक्त करने को लेकर विभिन्न सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी पैनल अधिवक्ताओं से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!