आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के सफल आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां हुई तेज

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
उत्तरकाशी। आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के सफल संचालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में गुरुवार जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभागीय समन्वय एवं आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद से वंचित न रहे।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने प्रातः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चिन्यालीसौड़ का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त डॉ. रावत ने जिले में संचालित 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त उत्तराखंड एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जनसहभागिता, समय पर जांच, उपचार एवं सभी विभागों के समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!