जिला विज्ञान संग्रहालय में आकार ले रही नवाचार की नई दुनिया, जिलाधिकारी ने परखी तैयारियां


पौड़ी गढ़वाल। विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने और बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन जिला विज्ञान संग्रहालय तेजी से आकार ले रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने संग्रहालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और तैयारियों का जायजा लिया। नवंबर 2025 से शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द पूरा कर विद्यार्थियों और आमजन के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संग्रहालय में स्थापित किए जा रहे वैज्ञानिक उपकरणों, प्रदर्शनी मॉडलों और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि संग्रहालय की थीम को और अधिक आकर्षक एवं प्रभावी बनाया जाए ताकि बच्चे विज्ञान को रोचक और व्यावहारिक तरीके से समझ सकें। उन्होंने प्रदर्शनी सामग्री, साइनेज और सूचना पैनलों को सरल, स्पष्ट और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया। साथ ही महान वैज्ञानिकों के जीवन और योगदान से जुड़े प्रेरक पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संग्रहालय को केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं बल्कि आधुनिक विज्ञान शिक्षण और नवाचार केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां इंटरएक्टिव मॉडल और प्रयोग आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भवन को ‘बाला’ (बिल्डिंग एज लर्निंग ऐड) अवधारणा के अनुरूप विकसित करने, प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती तथा उपकरणों को सुरक्षित और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा परिसर में वर्टिकल गार्डन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और विज्ञान आधारित प्रेरक संदेशों से सुसज्जित वातावरण तैयार करने पर भी बल दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह संग्रहालय जनपद के बच्चों और युवाओं के लिए ज्ञान, जिज्ञासा और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!