बैठक में नदियों की सफाई और कूड़ा प्रबंधन पर दिया जोर

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक लेकर नमामि गंगे योजना के तहत संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली और गुणवत्ता की समीक्षा की। बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले कूड़े से कम्पोस्ट खाद निर्माण, प्लास्टिक एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अलकनंदा सहित अन्य नदियों के किनारों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निकाय क्षेत्रों के श्मशान घाटों में भी स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। जिला पंचायत की कॉम्पेक्टर मशीनों की मरम्मत और माणा गांव में नई मशीन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर पालिका गोपेश्वर ने बताया कि अप्रैल माह में प्लास्टिक और एंटी लिटरिंग कानून के तहत कुल 76 चालान कर जुर्माना वसूला गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
