एसआईआर के तहत घर-घर होगा मतदाताओं का सत्यापन

पौड़ी गढ़वाल। निर्वाचन नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलए तथा आईटी वॉलंटियरों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदाता सूची सत्यापन, प्रपत्र वितरण और ऑनलाइन फीडिंग की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि 8 जून 2026 से घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ना, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और त्रुटियों का संशोधन किया जाएगा। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने कार्य को पारदर्शिता और गंभीरता से संपन्न करने के निर्देश दिए। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
