बीरोंखाल बहुउद्देशीय शिविर में विकास योजनाओं की दी जानकारी

पौड़ी गढ़वाल। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के बीरोंखाल विकासखंड मुख्यालय में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर बहुउद्देशीय शिविर एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उपलब्धियों को साझा किया।
मंत्री ने बताया कि बीरोंखाल क्षेत्र में पेयजल, सड़क एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाएं स्वीकृत एवं पूर्ण की गई हैं, जिनसे दर्जनों गांव लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 165 मरीजों की जांच की गई, जबकि 35 लोगों की रक्त जांच हुई। वहीं 30 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
