जौनपुर क्षेत्र में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी। जनपद के जौनपुर क्षेत्र में चारधाम यात्रा रूट पर संचालित ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। पायलट की सूझबूझ और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना बुधवार सुबह की है, जब हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून की ओर जा रहा था। जौनपुर क्षेत्र के नवागांव-सत्यों के ऊपर पहुंचते ही तेज हवा और अधिक दबाव के कारण हेलीकॉप्टर में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इसी दौरान हेलीकॉप्टर हाईटेंशन विद्युत लाइन के काफी करीब पहुंच गया, जिससे उसके पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा सुरक्षा व्यवस्था संभाली। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कंपनी अधिकारियों से संपर्क कर पूरी जानकारी ली। प्रशासन द्वारा सभी यात्रियों को टैक्सी के माध्यम से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया।
प्राथमिक जांच में सभी यात्री सुरक्षित पाए गए हैं। हेलीकॉप्टर के तकनीकी निरीक्षण और रखरखाव के लिए कंपनी की मेंटेनेंस टीम को मौके पर बुलाया गया है। प्रशासन ने कहा कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित एविएशन एजेंसियों द्वारा की जा रही है। साथ ही लोगों से अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!