पुलिस की ‘नाइट स्ट्राइक’, 47 ड्रंक एंड ड्राइव में गिरफ्तार

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर वीकेंड के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और रात्रि में हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई के लिए दून पुलिस ने ’ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ चलाया। 16 मई 2026 की रात पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर औचक छापेमारी कर पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों और वाहनों में शराब पीते मिले 73 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और पुलिस एक्ट के तहत चालान कर भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में 47 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 67 वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा 92 वाहनों का एमवी एक्ट में चालान कर 47,500 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 62 वाहनों के न्यायालय चालान किए गए। 83 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई करते हुए 26,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। पुलिस ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में पकड़े गए चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
