एसएसपी ने दिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की जा रही कार्यवाहियों की सर्किलवार समीक्षा की गई। बैठक में वांछित, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों तथा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाते हुए नियमित चेकिंग और अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यातायात नियमों के उल्लंघन, विशेषकर रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना नंबर प्लेट वाहनों तथा अवैध हूटर के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। रात्रि समय में बार, पब, क्लब, होटल और ढाबों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय के बाद खुले पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!