एसआईआर प्रक्रिया के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश तैयारियों के संबंध में ली बैठक
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दृष्टिगत जनपद स्तरीय सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी एसआईआर प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित करने हेतु सभी विभागीय तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी प्रारंभिक एवं आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया जाए, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बूथवार व्यवस्थाओं, लॉजिस्टिक प्लान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं आवश्यक अभिलेखों के अद्यतन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उत्तराखण्ड सहित 19 राज्यों में 29 मई से शुरु होगा एसआईआर
देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण में 19 राज्यों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की घोषणा कर दी है। उत्तराखण्ड राज्य में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि आयोग द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड में 29 मई से 7 जून 2026 तक गणना प्रपत्र के प्रिंटिग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण सम्बंधी कार्य सम्पादित किए जाएंगे। 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं संकलन करेंगे। उत्तराखण्ड में 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। इसी क्रम में 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। इसी बीच 10 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उत्तराखण्ड में 11733 पोलिंग बूथ के सापेक्ष वर्तमान में प्रदेश में राजनैतिक दलों द्वारा 21 हजार 808 बीएलए की तैनाती कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!