डीपीएस रानीपुर का सीबीएसई 12वीं परीक्षा परिणाम शानदार, मान्या चौहान बनीं टॉपर

हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर का सीबीएसई कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष बेहद शानदार रहा। विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में छात्रों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ पड़ी। विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को मिठाई खिलाकर खुशी जताई और आशीर्वाद लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने बताया कि सभी विद्यार्थियों ने मेहनत और अनुशासन के साथ परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। ह्यूमेनिटीज वर्ग की छात्रा मान्या चौहान ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अनन्या चौहान 97 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। कॉमर्स वर्ग में सृष्टि कुमारी ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विज्ञान वर्ग में प्रज्ञन्या सक्सेना ने 95.2 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
विद्यालय के कुल 53 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। इसके साथ ही 27 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में 100 में 100 अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
मनोविज्ञान विषय में काव्या चौधरी, मान्या चौहान, अनन्या चौहान, आम्या श्रीवास्तव, अनुभूति श्रीमाली और अन्वी यादव ने शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में अक्षिता सिंह, रितिका, प्रेरणा गौनियाल, अंजलि जोशी, नक्षत्र बंसल, अमोलिका सिंह और साई सुहानी सामंतराय ने 100 अंक हासिल किए।
पेंटिंग विषय में भी छात्रों का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। प्रज्ञन्या सक्सेना, रेली सरकार, अवंतिका मधवाल, अवंतिका वर्मा, शिल्पी कुमारी, मान्या चौहान, कृष्णा सचदेवा, पावनी बंसल, तेजिस्विता लुनियाल, मोक्ष गुप्ता, अंजलि जोशी और लक्ष्य बंसल ने 100 में 100 अंक प्राप्त किए। प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं डीपीएस प्रबंधन को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
