रैपिडो के खिलाफ अखंड परशुराम अखाड़े का प्रदर्शन, नॉनवेज डिलीवरी पर जताया विरोध


हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पुराना रानीपुर मोड़ स्थित परशुराम चौक पर प्रदर्शन कर रैपिडो के माध्यम से प्रतिबंधित क्षेत्र में नॉनवेज डिलीवरी किए जाने का विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने आरोप लगाया कि धर्मनगरी हरिद्वार में लंबे समय से लागू नियमों और परंपराओं की अनदेखी करते हुए ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज की डिलीवरी की जा रही है, जो स्थानीय धार्मिक भावनाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में स्वतंत्रता पूर्व से ही नगर पालिका बायलॉज के तहत मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित है, ऐसे में इस प्रकार की सेवाएं नियमों का उल्लंघन हैं। पंडित अधीर कौशिक ने सुरक्षा पहलू उठाते हुए कहा कि ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए आपत्तिजनक या खतरनाक सामग्री भी भेजी जा सकती है, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ सकते हैं। भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं, इसलिए धार्मिक मर्यादाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन में यशपाल शर्मा, विष्णु प्रसाद शास्त्री, सचिन, कुलदीप चौहान, सुरेंद्र देव, प्रवीण शर्मा और स्वामी कार्तिकेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!