पटेलनगर चोरी कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

देहरादून। पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में सैनेट्री दुकान में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपी सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 30 पानी की टोंटियां बरामद की गई हैं।
कोतवाली पटेलनगर में 7 मई 2026 को कमल भाटिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मातावाला बाग स्थित उनकी सैनेट्री दुकान का ताला तोड़कर चोर करीब 3.5 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक आरोपी विवेक साहनी उर्फ मोर्टिन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी सोनू लगातार फरार चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर तंत्र और सुरागरसी के आधार पर 12 मई को सोनू को पटेलनगर सब्जी मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सोनू पुत्र नरेश साहनी मूल रूप से दरभंगा, बिहार का निवासी है और वर्तमान में न्यू पटेलनगर, देहरादून में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 30 पानी की टोंटियां बरामद की हैं। पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बाजार उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह पुंडीर, एएसआई मोहन सिंह, कांस्टेबल हरीश नेगी और राजदीप मलिक शामिल रहे।
