तहसील दिवस में पेयजल और सड़क समस्याएं रहीं प्रमुख, 58 शिकायतों पर सुनवाई

टिहरी। टिहरी गढ़वाल की उपतहसील पावकी देवी में मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज गूलर दोगी में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने की। तहसील दिवस में आमजन की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में कुल 58 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश मामले पेयजल और सड़क से संबंधित रहे। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश कुलिवाल ने भांगला घाटी से बगीद हेलिपैड तक मार्ग क्षति, प्रतीक्षालय पुनर्निर्माण तथा भैरव मंदिर सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। घेराधार के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति व परीक्षा में नकल रोकने की मांग उठाई। इसके अलावा ग्रामीणों ने अधूरी पेयजल योजनाएं, पाइपलाइन रखरखाव, सड़क डामरीकरण, सिंचाई गूल मरम्मत और बरसात से बचाव कार्यों की समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
