बेकरी यूनिट से आत्मनिर्भर बनीं पूजा देवी, महिला उद्यमिता को मिला नया आयाम

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ग्रामोत्थान परियोजना प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में ग्राम कोलानी निवासी पूजा देवी ने बेकरी यूनिट स्थापित कर आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल पेश की है। अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष सहायता प्राप्त ग्रामोत्थान परियोजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूजा देवी को 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उन्होंने अपने गांव में बेकरी व्यवसाय शुरू किया।
पूजा देवी स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं और परियोजना के सहयोग से विभिन्न प्रकार के बेकरी उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजारों में उपलब्ध करा रही हैं। उनके उत्पादों की मांग आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में वे इस व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 40 से 50 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और उन्हें सफल महिला उद्यमी के रूप में नई पहचान मिली है। पूजा देवी ने बताया कि सरकारी सहायता ने उनके छोटे प्रयास को स्थायी रोजगार में बदल दिया और अब वे अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही हैं।
