हरिद्वार में मिनी सचिवालयों से जनसुनवाई की नई पहल, वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ेंगे ग्रामीण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर जनपद में जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अभिनव व्यवस्था शुरू की गई है। ग्राम पंचायतों में बनाए गए मिनी सचिवालयों के माध्यम से अब ग्रामीणों की समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही सुनी जाएंगी। इस पहल का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने वर्चुअल माध्यम से किया।
इस व्यवस्था के तहत प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम को मिनी सचिवालयों से जोड़ा जाएगा, जहां ग्राम प्रधान सीधे जनता की समस्याएं सुनेंगे और वर्चुअल माध्यम से जिला मुख्यालय से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, हरिद्वार देश का पहला जनपद बन गया है, जहां इस तरह की सुविधा लागू की गई है। जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 42 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 21 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया। राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, गैस, अतिक्रमण और गुमशुदगी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। प्रशासन का कहना है कि इस पहल से ग्रामीणों को अब जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव के स्तर पर ही तेजी से हो सकेगा।
